बारामती में विमान दुर्घटना, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन ; महाराष्ट्र में राजकीय शोक की घोषणा
महाराष्ट्र के बारामती में बुधवार 28 जनवरी को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें उनकी मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे राज्य को गहरे शोक में डुबो दिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अजित पवार आज बारामती में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों से जुड़ी 5–6 अहम बैठकों में हिस्सा लेने जा रहे थे। वह हमेशा की तरह सुबह जल्दी घर से निकले थे, लेकिन बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान उनका विमान हादसे का शिकार हो गया।
लैंडिंग के समय हुआ भीषण क्रैश
बताया जा रहा है कि विमान जैसे ही रनवे पर उतरने की कोशिश कर रहा था, उसी दौरान संतुलन बिगड़ गया और विमान ज़ोरदार तरीके से क्रैश हो गया। हादसे के तुरंत बाद आग और धुएं का गुबार उठता देखा गया। दुर्घटना का एक भयानक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें विमान पूरी तरह टुकड़ों में बिखरा हुआ नजर आ रहा है।
विमान में कुल 6 लोग सवार थे। पहले कुछ लोगों के घायल होने की बात सामने आई थी, लेकिन बाद में स्पष्ट हुआ कि इस हादसे में अजित पवार सहित सभी यात्रियों की जान चली गई।
घटनास्थल पर मातम का माहौल
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों के लिए वह दृश्य बेहद भयावह था। चारों तरफ धुआं फैला हुआ था और विमान पूरी तरह तबाह हो चुका था। घटनास्थल पर लोग रोते-बिलखते नजर आए, हर तरफ चीख-पुकार मची हुई थी। बारामती, जिसे अजित पवार की कर्मभूमि माना जाता है, वहां मातम पसर गया।
बारामती से गहरा नाता
अजित पवार लंबे समय तक बारामती से विधायक रहे और यहां की जनता का उन्हें हमेशा भरपूर समर्थन मिला। स्थानीय लोग आज उनका इंतजार कर रहे थे कि वे जनसभाओं को संबोधित करेंगे और आम लोगों से संवाद करेंगे, लेकिन एयरपोर्ट पहुंचने से पहले ही यह दुखद हादसा हो गया। इस हादसे ने न केवल बारामती बल्कि पूरे महाराष्ट्र की राजनीति में एक अपूरणीय क्षति छोड़ दी है।
महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने इसे राज्य की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताया और कहा कि अजित पवार का सार्वजनिक जीवन व प्रशासनिक अनुभव महाराष्ट्र के लिए अहम रहा। फडणवीस ने दिवंगत नेता के परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। राजकीय शोक की घोषणा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर शोक जताया। उन्होंने इसे अत्यंत दुखद और पीड़ादायक बताया तथा अजित पवार के योगदान को स्मरण करते हुए शोक संतप्त परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।